
gmedianews24.com/रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) द्वारा कक्षा 10वीं एवं 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 1 जनवरी से प्रारंभ की जा रही हैं। ये परीक्षाएं 20 जनवरी तक आयोजित होंगी। मंडल ने स्पष्ट किया है कि बाह्य परीक्षकों की उपस्थिति में होने वाली प्रैक्टिकल परीक्षा में यदि कोई विद्यार्थी अनुपस्थित रहता है, तो उसे दोबारा अवसर नहीं दिया जाएगा।
माशिमं द्वारा इस वर्ष बोर्ड परीक्षाएं 20 फरवरी से आयोजित की जा रही हैं। इसी कारण प्रैक्टिकल परीक्षाएं निर्धारित समय से करीब 10 दिन पहले कराई जा रही हैं। प्रैक्टिकल परीक्षा की तिथि 1 से 20 जनवरी तय की गई है।
प्राचार्य करेंगे परीक्षा की व्यवस्था
हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्य अपनी सुविधा के अनुसार प्रैक्टिकल परीक्षा की तिथि निर्धारित करेंगे, लेकिन मंडल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य होगा। गाइडलाइन के अनुसार प्रैक्टिकल परीक्षा में सभी विद्यार्थियों की उपस्थिति अनिवार्य है और इसकी पूरी जिम्मेदारी संस्था प्रमुख की होगी।
बाह्य परीक्षक अनिवार्य, मनमानी पर परीक्षा अमान्य
मंडल ने स्पष्ट किया है कि प्रैक्टिकल परीक्षा माशिमं द्वारा नियुक्त बाह्य परीक्षक की उपस्थिति में ही संपन्न कराई जाएगी। कोई भी स्कूल अपनी मर्जी से बाह्य परीक्षक नियुक्त नहीं कर सकता। यदि ऐसा किया जाता है, तो संबंधित प्रैक्टिकल परीक्षा को अमान्य माना जाएगा।
आंतरिक परीक्षक और प्रोजेक्ट वर्क
आंतरिक परीक्षक की नियुक्ति संस्था स्तर पर की जाएगी, जिसमें संबंधित विषय शिक्षक को ही आंतरिक परीक्षक बनाया जाएगा। वहीं, प्रोजेक्ट वर्क के लिए बाह्य परीक्षक की नियुक्ति मंडल द्वारा नहीं की जाएगी।





