[metaslider id="31163"]
Featuredदेश

बांग्लादेश में हिंदू कर्मचारी की गोली मारकर हत्या, 12 दिनों में तीसरी वारदात

gmedianews24.com/मैमनसिंह (बांग्लादेश)। बांग्लादेश के मैमनसिंह जिले में एक कपड़ा फैक्ट्री के भीतर हिंदू कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना बीते 12 दिनों में बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के व्यक्ति की हत्या की तीसरी वारदात बताई जा रही है, जिससे अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

घटना सोमवार शाम करीब 6:45 बजे भालुका उपजिला स्थित सुलताना स्वेटर्स लिमिटेड फैक्ट्री में हुई। मृतक की पहचान बजेंद्र बिस्वास (42) के रूप में हुई है, जो फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत था। पुलिस ने इस मामले में आरोपी नोमान मिया (29) को गिरफ्तार कर लिया है।

ड्यूटी के दौरान हुआ विवाद, चली गोली
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बजेंद्र बिस्वास और नोमान मिया दोनों फैक्ट्री परिसर में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच बातचीत हुई, जो देखते ही देखते तनाव में बदल गई। आरोप है कि नोमान मिया ने सरकारी शॉटगन बजेंद्र की ओर तान दी और कुछ ही पलों बाद गोली चल गई।

जांघ में लगी गोली, मौके पर मौत
गोली बजेंद्र बिस्वास की बायीं जांघ में लगी, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि गोली जानबूझकर चलाई गई या लापरवाही के चलते चली। वहीं, लगातार हो रही घटनाओं के चलते बांग्लादेश में हिंदू समुदाय की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Related Articles

Back to top button