[metaslider id="31163"]
Featuredछत्तीसगढ़

कोरबा में डॉक्टर पर हमला, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर से लौटते समय की गई मारपीट

gmedianews24.com/कोरबा। जिले के गेवरा-दीपका क्षेत्र स्थित नेहरू शताब्दी अस्पताल (NCH) गेवरा के चिकित्सक डॉ. अर्पण विश्वास पर सोमवार को हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर डॉ. विश्वास ने हरदीबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रलिया में सीएसआर (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया था। शिविर में इलाज के लिए पहुंचे गांव के रामनारायण पटेल को डॉ. अर्पण विश्वास ने अन्य मरीजों की तरह लाइन में लगकर उपचार कराने को कहा। इस बात पर रामनारायण पटेल ने आपत्ति जताई और कथित तौर पर डॉक्टर को बाद में देख लेने की धमकी दी।

शिविर से लौटते समय रास्ते में रोका
बताया जा रहा है कि शिविर समाप्त होने के बाद जब डॉक्टर, अस्पताल स्टाफ और एम्बुलेंस कर्मी वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में रामनारायण पटेल, नीरज पटेल और दो अन्य युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने डॉ. अर्पण विश्वास के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट की। इस दौरान डॉक्टर की आंख, सीने और पीठ में चोटें आईं।

डॉक्टर ने भागकर बचाई जान
घटना के बाद डॉक्टर और स्टाफ किसी तरह जान बचाकर वहां से निकलने में सफल रहे। इसके बाद वे सीधे दीपका थाने पहुंचे और घटना की सूचना दी। मामले को हरदीबाजार थाना क्षेत्र का होने के कारण शिकायत वहां स्थानांतरित की गई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
हरदीबाजार थाना पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button