[metaslider id="31163"]
Featuredदेश

वीर बाल दिवस पर 20 बच्चों को मिला प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

gmedianews24.com/नई दिल्ली। वीर बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को देशभर के 20 प्रतिभाशाली और बहादुर बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रदान किया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन और साहसिक कार्यों के लिए इन बच्चों का चयन देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से किया गया है।

पुरस्कार पाने वालों में 14 वर्षीय उभरते क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी भी शामिल हैं। पुरस्कार समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली आने के कारण वह विजय हजारे ट्रॉफी में मणिपुर के खिलाफ होने वाला मैच नहीं खेल सके। इस वर्ष कुल 20 बच्चों में से दो बच्चों को मरणोपरांत यह सम्मान दिया गया।

मरणोपरांत पुरस्कार तमिलनाडु की ब्योमा और बिहार के कमलेश कुमार को मिला, जिसे उनके माता-पिता ने ग्रहण किया। समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पुरस्कार विजेता बच्चों से मुलाकात की और उन्हें संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि जेन जी और जेन अल्फा ही विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

उल्लेखनीय है कि वीर बाल दिवस गुरु गोविंद सिंह के चार साहिबजादों की शहादत की स्मृति में मनाया जाता है। गुरु गोविंद सिंह के चार पुत्र—अजीत सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह और फतेह सिंह—ने कम उम्र में ही अत्याचार के सामने झुकने से इनकार करते हुए वीरगति प्राप्त की थी।

इतिहास के अनुसार 26 दिसंबर 1705 को मुगल सेना द्वारा चारों साहिबजादों की हत्या कर दी गई थी। उनकी अद्वितीय वीरता और बलिदान को नमन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 में 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी।

Related Articles

Back to top button