
gmedianews24.com//सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत दुम्हारी मोड़ के पास हुआ, जहां कार और ट्रक की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, भटगांव की ओर से दो युवक कार में सवार होकर बिलाईगढ़ आ रहे थे। इसी दौरान बिलाईगढ़ क्षेत्र से धान लोड कर एक ट्रक सरसीवां की ओर जा रहा था। दुम्हारी मोड़ के पास कार बेकाबू होकर सीधे ट्रक से जा टकराई। बताया जा रहा है कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे।
हादसे की सूचना मिलते ही बिलाईगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे दोनों युवकों के शव बाहर निकाले। पुलिस के अनुसार, कार चला रहे युवक का शव स्टीयरिंग में बुरी तरह फंस गया था, जिसे निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दोनों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान ग्राम ताड़ापारा (बिलाईगढ़) निवासी यशवंत कुमार टंडन (37 वर्ष) और बिलाईगढ़ निवासी रूपेंद्र कुमार देवांगन (35 वर्ष) के रूप में हुई है। यशवंत कुमार टंडन कांग्रेस का युवा नेता था, जबकि रूपेंद्र कुमार देवांगन शिक्षाकर्मी सहायक ग्रेड-2 के पद पर पदस्थ था। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
नशे में गाड़ी चलाने की आशंका
थाना प्रभारी शिव कुमार धारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण नशे में कार चलाना प्रतीत हो रहा है। जानकारी मिली है कि दोनों युवक भटगांव क्षेत्र से शराब सेवन कर लौट रहे थे। उनके पीछे चल रहे वाहन चालकों ने पुलिस को बताया कि जमगहन के पास भी ये लोग एक व्यक्ति को टक्कर मारने से बाल-बाल बचे थे। हालांकि, शराब सेवन की आधिकारिक पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी।
ट्रक चालक हिरासत में
पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।







