[metaslider id="31163"]
Featuredदेश

कर्नाटक में भीषण सड़क हादसा: ट्रक से टकराई स्लीपर बस बनी आग का गोला, 15 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत

gmedianews24.com/चित्रदुर्ग (कर्नाटक)। कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। नेशनल हाईवे-48 पर हिरियूर तालुक के गोरलट्टू गांव के पास ट्रक से टक्कर के बाद एक स्लीपर बस आग का गोला बन गई। इस भयावह हादसे में 15 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में मृतकों की संख्या 12 से 17 के बीच बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह निजी कंपनी सीबर्ड ट्रांसपोर्ट की स्लीपर बस बेंगलुरु से गोकर्ण (कुछ रिपोर्ट्स में शिवमोग्गा) जा रही थी। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। वहीं, ट्रक हिरियूर से बेंगलुरु की ओर जा रहा था। तड़के करीब 2 से 2.30 बजे के बीच तेज रफ्तार लॉरी अचानक सड़क का डिवाइडर तोड़ते हुए विपरीत दिशा में आ गई और सीधे बस से टकरा गई।

टक्कर के बाद लगी भीषण आग

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में तुरंत आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, जिसके चलते उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। आग की लपटों में घिरने से 15 यात्रियों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।

29 यात्री थे सवार

बताया जा रहा है कि बस की कुल 32 सीटों में से 29 सीटों पर यात्री सवार थे, जिनमें 15 महिलाएं और 14 पुरुष शामिल थे। हादसे के दौरान बस चालक, कंडक्टर और कुछ यात्री बस से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। वहीं इस हादसे में ट्रक चालक कुलदीप की भी मौत हो गई।

घायलों में बेंगलुरु निवासी गगन श्री-रश्मि और गोकर्ण निवासी रक्षिता शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। हिरियूर ग्रामीण थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद नेशनल हाईवे-48 पर करीब 30 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बहाल किया गया।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से होने वाले सड़क हादसों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

Related Articles

Back to top button