
gmedianews24.com/नई दिल्ली। दिल्ली के पटपड़गंज वार्ड से बीजेपी पार्षद रेनू चौधरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पार्षद एक अफ्रीकी फुटबॉल कोच को एक महीने के भीतर हिंदी सीखने की चेतावनी देती नजर आ रही हैं। पार्षद का कहना है कि अगर कोच ने हिंदी नहीं सीखी तो पार्क छीन लिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, संबंधित अफ्रीकी नागरिक करीब 15 साल से उसी इलाके में रह रहा है। उसने दिल्ली नगर निगम से पार्क किराए पर लिया हुआ है, जहां वह बच्चों को फुटबॉल कोचिंग देता है। हैरानी की बात यह है कि इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो खुद पार्षद रेनू चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।
वीडियो में पार्षद कोच से सवाल करती नजर आती हैं कि वह इतने सालों में हिंदी क्यों नहीं सीख पाया। वे कहती हैं,
“यहां का पैसा खा रहे हो तो हिंदी बोलना सीखो।”
जब मौके पर मौजूद कुछ लोग इस टिप्पणी को मजाक समझकर हंसते हैं, तो पार्षद यह कहते हुए साफ करती हैं कि यह कोई मजाक नहीं है और वह इस चेतावनी को लेकर पूरी तरह गंभीर हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद मामले को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोग इसे भाषाई जबरदस्ती और विदेशी नागरिक के साथ दुर्व्यवहार बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे नियमों से जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल इस पूरे मामले पर बीजेपी या दिल्ली नगर निगम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।







