[metaslider id="31163"]
Featuredछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड, उत्तरी इलाकों में जीरो विजिबिलिटी; कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी

gmedianews24.com/रायपुर। छत्तीसगढ़ के उत्तरी जिलों में पिछले तीन दिनों से सुबह के समय घने कोहरे के कारण जीरो विजिबिलिटी की स्थिति बनी हुई है। वहीं बीते दस दिनों से इन इलाकों में रात का न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। फिलहाल पूरा प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में है।

मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि अगले 24 घंटों के दौरान बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। मंगलवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में सुबह के वक्त कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।

इन जिलों में घने कोहरे के आसार
मौसम विभाग के अनुसार गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरबा, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे आवागमन प्रभावित हो सकता है।

तापमान का हाल
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। इसके अलावा दुर्ग संभाग में एक-दो स्थानों पर शीत लहर की स्थिति बनी रही।

राजधानी रायपुर में मौसम
राजधानी रायपुर में मंगलवार, 23 दिसंबर, को धुंध छाए रहने की संभावना जताई गई है। यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Related Articles

Back to top button