
gmedianews24.com/जगदलपुर। शहर से लगे अड़ावाल चौक पर गुरुवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें ट्रक के अचानक मोड़ लेने से बाइक सवार का संतुलन बिगड़ता और वह ट्रक के सामने गिरता दिखाई दे रहा है। ट्रक की चपेट में आने से युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बी. धर्मा राव के रूप में हुई है, जो ओडिशा का रहने वाला था और एनएमडीसी स्टील प्लांट में इंजीनियर के पद पर पदस्थ था। वह गुरुवार को ड्यूटी खत्म कर अड़ावाल स्थित अपने किराए के मकान की ओर लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही बोधघाट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक के अचानक मोड़ लेने से यह हादसा हुआ।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।







