gmedianews24.com/रायपुर। ईएसएसओ-भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने छत्तीसगढ़ के मौसम को लेकर ताजा पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश में न्यूनतम तापमान में किसी तरह का विशेष बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। इस दौरान अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा, जबकि कुछ क्षेत्रों में सुबह के समय धुंध और कोहरे की स्थिति रह सकती है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। इस अवधि में प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं की गई।
आज का मौसम पूर्वानुमान
आईएमडी के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहेगा। फिलहाल किसी भी जिले के लिए कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। ठंड का असर बना रहेगा, खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ के इलाकों में रात और सुबह के समय ठिठुरन महसूस की जा सकती है।
रायपुर का स्थानीय मौसम
राजधानी रायपुर में शुक्रवार की सुबह धुंध छाए रहने की संभावना जताई गई है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। दिन में हल्की गर्मी महसूस हो सकती है, जबकि सुबह और रात में ठंड बनी रहेगी।
इन जिलों में छाएगा घना कोहरा
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना जताई है। बलरामपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जशपुर, कोरबा, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर और सरगुजा जिलों में कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। ऐसे में वाहन चालकों को सुबह के समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।





