
gmedianews24.com/मॉस्को/रूस। रूस में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन सामने आई एक खौफनाक घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। 23 वर्षीय युवक दिमित्री लुचिन ने अपनी 45 वर्षीय गर्लफ्रेंड ओल्गा बुदुनोवा की बेरहमी से हत्या कर दी। यह मामला रूस के सबसे चर्चित और भयावह अपराधों में गिना जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी युवक महिला दिवस मनाने के बहाने अपनी गर्लफ्रेंड के घर पहुंचा था। दोनों ने साथ में शराब पी, जिसके कुछ समय बाद आरोपी ने ओल्गा पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव के साथ अमानवीय कृत्य किए, जिससे यह मामला और भी सनसनीखेज बन गया।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी खुद को शैतान का उपासक और तांत्रिक मानता था। उसने हत्या के बाद घर में अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र से जुड़े प्रतीक बनाए थे। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो फ्लैट के भीतर का दृश्य बेहद भयावह था, जिसे देखकर अधिकारी भी सन्न रह गए।
बताया जा रहा है कि आरोपी इंटरनेट पर सीरियल किलर्स और हिंसक विचारधाराओं से जुड़ी वेबसाइटों पर घंटों समय बिताता था और उन्हीं से प्रभावित था। अदालत में पेशी के दौरान उसे सुरक्षा कारणों से धातु के पिंजरे में रखा गया। सुनवाई के दौरान उसने खुद को हत्यारा या मानसिक रूप से विक्षिप्त मानने से इनकार करते हुए खुद को छात्र, खिलाड़ी और कवि बताया।





