
gmedianews24.com/बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में सड़क हादसे के बाद मदद नहीं मिलने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना 13 दिसंबर की सुबह हुई, जब 34 वर्षीय वेंकटरमनन और उनकी पत्नी रूपा रमनन स्कूटी से हॉस्पिटल जा रहे थे। हादसे के बाद रूपा 15 मिनट तक राहगीरों से मदद की गुहार लगाती रहीं, लेकिन किसी ने सहायता नहीं की।
स्कूटी हादसा और इलाज के लिए दौड़
रूपा रमनन ने मीडिया को बताया कि सुबह करीब साढ़े 3 बजे वेंकटरमनन के सीने में तेज दर्द हुआ। उन्होंने पहले पास के प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज करवाने की कोशिश की, लेकिन वहां कोई डॉक्टर नहीं था। इसके बाद वे दूसरे हॉस्पिटल पहुंचे, जहां ईसीजी में पता चला कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा है।
हॉस्पिटल की लापरवाही और अगला कदम
दूसरे हॉस्पिटल में एंबुलेंस न होने और तुरंत इलाज न मिलने के कारण उन्हें जय नगर के श्री जयदेव इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोवैस्कुलर साइंसेज भेज दिया गया। रास्ते में स्कूटी स्लिप होने से पति-पत्नी सड़क पर गिर गए। चोट लगने के बाद वेंकटरमनन उठ नहीं पाए और उनकी पत्नी मदद के लिए राहगीरों से गुहार लगाने लगीं।
राहगीरों की बेरुखी से बढ़ी त्रासदी
रूपा ने बताया कि उनके फोन पर उनकी बहन भी मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन करीब 15 मिनट तक कोई भी मदद के लिए नहीं रुका। अंततः एक कैब चालक आया और दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर वेंकटरमनन को मृत घोषित कर दिया गया।
CCTV फुटेज में घटना की पुष्टि
इस दर्दनाक हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें स्कूटी स्लिप होकर पति-पत्नी सड़क पर गिरते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो और पीड़ित परिवार की कहानी ने लोगों को झकझोर दिया है।





