
gmedianews24.com/नई दिल्ली। संसद के शीतकालीन सत्र का बुधवार को 13वां दिन है। लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हो चुकी है और दोनों सदनों में प्रश्नकाल चल रहा है। सरकार का फोकस लंबित विधेयकों पर चर्चा कर उन्हें पारित कराने की प्रक्रिया को तेज करने पर है।
आज लोकसभा में ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ यानी ‘VB-जी राम जी बिल, 2025’ पर चर्चा होने की संभावना है। इससे पहले कांग्रेस संसदीय दल (CPP) कार्यालय में कांग्रेस सांसदों की बैठक हुई, जिसमें सदन में दिनभर की रणनीति पर चर्चा की गई। कांग्रेस ने अपने सांसदों को सदन में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए व्हिप भी जारी किया है।
गौरतलब है कि मंगलवार को लोकसभा में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने VB-जी राम जी बिल, 2025 पेश किया था। इसी दिन सदन से द रिपीलिंग एंड अमेंडमेंट बिल, 2025 और ‘सबका बीमा सबकी रक्षा’ (बीमा कानूनों में संशोधन) बिल, 2025 को पारित किया गया।
इन विधेयकों के पारित होने के बाद सदन में जोरदार हंगामा देखने को मिला था। आज भी VB-जी राम जी बिल को लेकर विपक्ष के विरोध और हंगामे की संभावना जताई जा रही है। मंगलवार को कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि बिना पर्याप्त चर्चा और सलाह के किसी भी अहम बिल को पास नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से इस बिल को वापस लेकर नया विधेयक लाने की मांग की थी और योजनाओं के नाम बदलने की प्रवृत्ति पर भी सवाल उठाए थे।







