
gmedianews24.com/रायगढ़। जिले के बंगुरसिया धान उपार्जन केंद्र में धान खरीदी के दौरान शासन के निर्देशों के उल्लंघन का मामला सामने आया है। एक किसान द्वारा दूसरे किसान का धान अपने नाम से विक्रय करने के प्रयास पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 162 क्विंटल धान जप्त कर लिया है।
इस मामले को लेकर कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि धान उपार्जन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता, फर्जीवाड़ा या दलाली को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों में वास्तविक किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, वहीं अवैध तरीके से धान खपाने वालों पर निरंतर निगरानी रखते हुए कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जांच में खुला मामला
जिला खाद्य अधिकारी चितरंजन सिंह ने बताया कि बंगुरसिया निवासी किसान भरत साव निर्धारित टोकन के माध्यम से धान विक्रय के लिए उपार्जन केंद्र पहुंचा था। जांच के दौरान यह पाया गया कि संबंधित किसान अपने स्वयं के रकबे का धान न लाकर किसी अन्य किसान का धान विक्रय करने का प्रयास कर रहा था, जो धान उपार्जन नियमों और शासन के स्पष्ट निर्देशों का उल्लंघन है।
फूड इंस्पेक्टर ने की कार्रवाई
शिकायत मिलने पर फूड इंस्पेक्टर अंजनी राव और सिदार संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचे और जांच की। जांच में अनियमितता की पुष्टि होने पर तत्काल 162 क्विंटल धान का पंचनामा तैयार कर जप्ती की कार्रवाई की गई।





