
gmedianews24.com/कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र के दर्री रोड पर बीती रात खड़ी एक कार में आग लगाए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना को अंजाम देकर तीन युवक मौके से फरार हो गए। आग लगने की सूचना मिलते ही कार मालिक और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, जली हुई कार एक स्थानीय व्यापारी की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना से पहले तीन युवक करीब 10 मिनट तक कार के आसपास मंडराते रहे। इसी दौरान एक युवक ने कार पर पेट्रोल छिड़का, जिसके बाद दूसरे युवक ने माचिस जलाकर कार में आग लगा दी। आगजनी के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और कार मालिक मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर आग बुझाई, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। हालांकि कार को काफी क्षति पहुंची है।
इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में ले लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।





