
gmedianews24.com/बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के शासकीय हाई स्कूल मनबासा में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद 11 छात्राएं अचानक बेहोश हो गईं। इनमें से 6 छात्राओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को तत्काल वाड्रफनगर के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
अचानक बिगड़ी तबीयत, स्कूल में मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार परीक्षा खत्म होते ही कई छात्राओं को अचानक कंपकंपी, घबराहट और रोने की शिकायत हुई। कुछ ही मिनटों में 11 छात्राएं बेहोश हो गईं। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों ने तुरंत अधिकारी और चिकित्सा टीम को सूचना दी।
स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन हुआ अलर्ट
घटना की गंभीरता देखते हुए शिक्षा विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरी स्थिति का जायजा लिया।
बीईओ श्याम किशोर जायसवाल ने बताया—
“हाई स्कूल की छह–सात बच्चियों की हालत अचानक बिगड़ने की सूचना मिली। कंपकंपी और रोने की शिकायत के बाद हमने तत्काल एसडीएम, जिला शिक्षा अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग को अवगत कराया। तुरंत डॉक्टर व नर्सों को स्कूल भेजा गया।”
उन्होंने बताया कि एसडीएम के निर्देश पर छात्राओं को तीन गाड़ियों में सिविल हॉस्पिटल वाड्रफनगर ले जाया गया। छात्राओं के अभिभावकों को भी अस्पताल बुला लिया गया है।
अस्पताल में 5 छात्राएं एडमिट, स्थिति सामान्य होने लगी
बीईओ ने बताया कि वर्तमान में 5 छात्राएं अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत धीरे–धीरे सामान्य हो रही है।
डॉक्टरों की सलाह के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





