
gmedianews24.com/बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता की खबर सामने आई है। मंगलवार को जिले के सीमावर्ती इलाके में हुई पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में जवानों ने एक घायल नक्सली को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। वहीं, नेशनल पार्क क्षेत्र में हुई एक अन्य मुठभेड़ में 6 माओवादी मारे जाने की पुष्टि हुई है।
बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि बीजापुर जिले के तारलागुड़ा और अन्नापुरम के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सीआरपीएफ, एसटीएफ और डीआरजी जवानों की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी।
दो घंटे चली मुठभेड़, घायल नक्सली गिरफ्तार
दोपहर के समय घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिससे मुठभेड़ करीब दो घंटे तक चली। इसके बाद नक्सली जंगल की ओर भाग निकले।
घटनास्थल से गोली लगने से घायल एक नक्सली को गिरफ्तार किया गया है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बीजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि तारलागुड़ा और अन्नापुरम क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि भागे हुए नक्सलियों को पकड़ा जा सके।





