
gmedianews24.com/श्रीनगर। कश्मीर घाटी में सुरक्षा एजेंसियों ने आतंक नेटवर्क को तोड़ने के उद्देश्य से शनिवार को बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया। जम्मू-कश्मीर पुलिस, काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (CIK) और नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की संयुक्त टीमों ने 120 से अधिक ठिकानों पर तलाशी ली और कई महत्वपूर्ण सामग्री जब्त की।
जांच में मिली जानकारी के अनुसार यह ऑपरेशन खुफिया इनपुट पर आधारित था, जिसमें पता चला कि जेल में बंद आतंकियों और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में बैठे संदिग्धों के रिश्तेदार दूरदराज के इलाके — जैसे बडगाम, कुलगाम और शोपियां — से उनके संपर्क में हैं। इन पर भारत में पाकिस्तान का प्रचार-प्रसार चलाने और आतंकियों से संपर्क बनाए रखने का आरोप है।
अभियान के दौरान गांदरबल जिले में अकेले ही 60 से अधिक घरों की तलाशी ली गई। तलाशी में मोबाइल फोन, सिम कार्ड, डिजिटल डिवाइसेज़ और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद करने की जानकारी मिली है, जिन्हें अब फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “हमारा मकसद आतंकियों से संपर्क की कड़ियाँ तोड़ना, प्रचार-प्रसार के साधनों को बंद करना और फंडिंग के नेटवर्क का पर्दाफाश करना है।”







