
gmedianews24.com/सीतापुर। जिले के जजगा कठरापारा गांव से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी गर्भवती पत्नी की डंडे से बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पत्नी के मायके जाने से नाराज पति ने इस वारदात को अंजाम दिया। मृतका सात माह की गर्भवती थी और पति की पिटाई के दौरान पेट में पल रहे मासूम बच्चे की भी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी राजू दास उर्फ बन्नू दास (30 वर्ष) घर में किराने की दुकान चलाता था। उसकी पत्नी मनबसिया माझी भी दुकान में उसकी मदद करती थी। दोनों ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन राजू शराब और नशे का आदी था। आए दिन वह पत्नी के साथ मारपीट करता था।
घटना के दिन राजू किसी काम से बाहर गया हुआ था। जब वह लौटकर घर पहुंचा तो पत्नी घर में नहीं थी और दरवाजा खुला हुआ मिला। पड़ोसियों से पूछताछ करने पर उसे पता चला कि पड़ोसी महिला के बहकावे में आकर उसकी पत्नी मायके कोट रनईटिकरा चली गई है।
गुस्से से बेकाबू राजू अपनी पत्नी के मायके पहुंचा और वहां डंडे से बुरी तरह उसकी पिटाई करने लगा। मनबसिया ने पेट में पल रहे बच्चे की दुहाई देकर पति से रहम की भीख मांगी, लेकिन उसने एक न सुनी और तब तक पीटता रहा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। उसे हत्या के आरोप में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना घरेलू हिंसा और अंधे गुस्से की दुखद मिसाल है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






