[metaslider id="31163"]
Featuredदेश

जिला अस्पताल में नसबंदी के दौरान दो महिलाओं की मौत, दवा रिएक्शन से बिगड़ी तबीयत की आशंका

gmedianews24.com/दुर्ग। जिला अस्पताल में नसबंदी ऑपरेशन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नसबंदी के लिए आई दो महिलाओं की सर्जरी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद दोनों की मौत हो गई। यह घटना शनिवार को हुई, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

सर्जरी टीम की प्रमुख डॉ. उज्जवला देवांगन ने बताया कि ऑपरेशन थिएटर में ही दोनों महिलाओं को अचानक झटके और अकड़न आने लगी थी। स्थिति गंभीर होते ही उन्हें आनन-फानन में अस्पताल के आईसीयू में शिफ्ट किया गया।

सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने जानकारी दी कि बजरंग नगर निवासी पूजा यादव (27 वर्ष) ने आईसीयू में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, वहीं सिकोला भाटा निवासी किरण यादव (30 वर्ष) को परिजन निजी सेंटर ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।

डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में आशंका जताई है कि मौत का कारण सर्जरी के दौरान दी गई किसी दवा का रिएक्शन हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

महिलाओं को सुबह पूरी तरह स्वस्थ अवस्था में भर्ती किया गया था। उनके अचानक निधन से परिवारजन सदमे में हैं और अस्पताल प्रबंधन से जवाब मांग रहे हैं।

वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button