
gmedianews24.com/बलरामपुर। जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा कैमरे में कैद हो गया। तेज रफ्तार अर्टिका कार ने सड़क पार कर रहे एक साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरा। घटना का लाइव सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
यह हादसा 6 नवंबर की शाम करीब साढ़े 5 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अर्टिका कार काफी तेज रफ्तार में थी और चालक ने साइकिल सवार को देखकर भी स्पीड कम नहीं की। टक्कर के तुरंत बाद राहगीरों ने घायल युवक को सड़क से उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
शंकरगढ़ थाना प्रभारी जितेंद्र जायसवाल ने बताया कि इस घटना के संबंध में अब तक थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा कि यदि पीड़ित पक्ष या परिजन शिकायत दर्ज कराते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मुख्य मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके





