
gmedianews24.com/नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में आई तकनीकी खराबी के कारण हवाई यातायात प्रभावित हुआ। इस वजह से 100 से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई है।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, गुरुवार शाम से ही तकनीकी खराबी के चलते एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स को फ्लाइट्स का शेड्यूल नहीं मिल पा रहा था। सिस्टम की गड़बड़ी के कारण कंट्रोलर्स को मैन्युअली काम करना पड़ रहा है।
AMSS सिस्टम में आई दिक्कत
रिपोर्ट्स के अनुसार, ऑटोमेटिक मैसेज स्विच सिस्टम (AMSS) में गड़बड़ी आ गई है। यह सिस्टम हवाई जहाजों के टेकऑफ और लैंडिंग की जानकारी प्रदान करता है। सिस्टम बंद होने से उड़ानों के संचालन में परेशानी आई।
फ्लाइट्स में 50 मिनट तक की देरी
ATC अधिकारी पुराने डेटा के आधार पर मैन्युअली फ्लाइट शेड्यूल तैयार कर रहे हैं, जिससे कई उड़ानों में औसतन 50 मिनट तक की देरी हुई।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com के अनुसार, गुरुवार को भी 513 फ्लाइट्स देरी से रवाना हुई थीं। शुक्रवार को स्थिति और बिगड़ गई, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
हवाई अड्डा प्रबंधन ने बताया कि तकनीकी टीम समस्या को ठीक करने में जुटी है और स्थिति को जल्द सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।






