
gmedianews24.com/रायपुर/कांकेर, 6 नवंबर 2025। कांकेर जिले के पखांजूर नगर पंचायत में इन दिनों एक अजीबोगरीब मामला सुर्खियों में है। यहां नगर पंचायत अध्यक्ष नारायण चंद्र साहा ने छुट्टी पर जाने से पहले अपनी पत्नी मोनिका साहा को अपने सभी प्रशासनिक, वित्तीय और कार्यकारी अधिकार सौंप दिए हैं।
3 नवंबर को जारी इस पत्र में अध्यक्ष साहा ने लिखा कि “मेरी अनुपस्थिति में मेरी पत्नी नगर पंचायत की सभी जिम्मेदारियां निभाएंगी, सभी अधिकारी उन्हें सहयोग और सम्मान दें।” यह आदेश उनके आधिकारिक लेटरहेड पर जारी किया गया है, जिसकी प्रतिलिपि भाजपा जिला अध्यक्ष महेश जैन और मंडल अध्यक्ष दीपांकर राय को भी भेजी गई है।
जैसे ही यह चिट्ठी सोशल मीडिया पर वायरल हुई, लोगों ने सवाल उठाना शुरू कर दिया कि क्या अब संवैधानिक पद घर की चौखट पर सौंपे जाने लगे हैं?
प्रशासन ने बताया गैरकानूनी आदेश
इस पूरे मामले पर पखांजूर के एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि अध्यक्ष की अनुपस्थिति में केवल उपाध्यक्ष ही पद की जिम्मेदारी संभाल सकता है। किसी अन्य व्यक्ति को, चाहे वह पार्षद ही क्यों न हो, वित्तीय या प्रशासनिक अधिकार सौंपना गैरकानूनी है। एसडीएम ने साफ कहा कि यह पत्र कानूनी रूप से मान्य नहीं है।





