gmedianews24.com/रायपुर। राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़ने की घटना के बाद सर्व समाज में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। इस मामले को लेकर मंगलवार को अग्रसेन भवन, जवाहर नगर में सर्व अग्रवाल समाज रायपुर की ओर से सर्व समाज की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में सभी ने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए इसे अत्यंत पीड़ादायक और सामाजिक सौहार्द को ठेस पहुंचाने वाला बताया। साथ ही, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
सर्व समाज करेगा शांतिपूर्ण धरना
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस घटना की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों को शीघ्र दंडित किया जाए ताकि भविष्य में कोई ऐसी हरकत न कर सके।
इसके साथ ही, सर्व समाज ने 6 नवंबर को सुबह 10 बजे से अग्रसेन चौक, समता कॉलोनी में एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना आयोजित करने की घोषणा की है।
धरना भगवान अग्रसेन जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ शुरू होगा, जिसमें प्रदेशभर से समाजजन शामिल होंगे।
अमित बघेल के बयान पर भी नाराजगी
बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अमित बघेल द्वारा महापुरुषों और आराध्य देवताओं के प्रति अभद्र टिप्पणी से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
प्रतिनिधियों ने कहा कि यह बयान धार्मिक उन्माद फैलाने की कोशिश है और सामाजिक समरसता को नुकसान पहुंचाने वाला है।







