[metaslider id="31163"]
Featuredदेश

चुनार रेलवे स्टेशन हादसा: कालका मेल की चपेट में आने से छह श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, क्षत-विक्षत शवों से मचा हड़कंप

gmedianews24.com मीरजापुर। बुधवार सुबह मीरजापुर जिले के चुनार रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। हावड़ा-कालका मेल ट्रेन की चपेट में आने से छह श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। मृतकों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए, जिन्हें पहचानना मुश्किल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, सोनभद्र की ओर से आने वाली गोमो-प्रयागराज बरवाडीह पैसेंजर ट्रेन सुबह करीब सवा नौ बजे चुनार स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर पहुंची। ट्रेन में सवार श्रद्धालु कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए चुनार आए थे। ट्रेन से उतरने के बाद श्रद्धालु विपरीत दिशा में प्लेटफार्म नंबर तीन की ओर जाने के लिए रेल लाइन पार करने लगे।

इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही हावड़ा-कालका मेल ने श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयानक था कि छह श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। शवों के कई टुकड़े हो गए जिन्हें जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने इकट्ठा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

हादसे के बाद रेलवे स्टेशन पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

Related Articles

Back to top button