
gmedianews24.com/बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। मंगलवार सुबह बिलासपुर जिले में बड़ा रेल हादसा हो गया। कोरबा पैसेंजर ट्रेन और एक मालगाड़ी की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें कई यात्री घायल हो गए हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने 4 यात्रियों की मौत की पुष्टि की है, वहीं एसपी रजनेश सिंह ने कहा है कि एक यात्री की मौत हुई है। इस बीच, रेलवे पीआरओ ने बताया कि फिलहाल उनके पास किसी मृत्यु की आधिकारिक जानकारी नहीं है।
यह हादसा गटौरा और बिलासपुर रेलवे स्टेशन के बीच लाल खदान इलाके में हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि कोचों के परखच्चे उड़ गए और कई यात्री ट्रेन के अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही रेलवे और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया।
रेस्क्यू टीम ने अब तक दर्जनों यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला है, जबकि गंभीर रूप से घायलों को बिलासपुर रेलवे हॉस्पिटल और सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर मेडिकल यूनिट और डिविजनल अफसरों को भी भेजा गया है।





