
gmedianews24.com/नई दिल्ली। देश के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मंगलवार से मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) शुरू हो गया है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को और अधिक सटीक, अद्यतन और पारदर्शी बनाना है।
इन 12 राज्यों में तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, ओडिशा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, गोवा और चंडीगढ़ शामिल हैं। इनमें से तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और पश्चिम बंगाल में वर्ष 2026 में विधानसभा चुनाव होने हैं। वहीं असम में भी अगले साल चुनाव प्रस्तावित हैं, लेकिन वहां SIR की तिथि फिलहाल तय नहीं की गई है।
सूत्रों के अनुसार, इस बार SIR के दौरान नागरिकता की जांच पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हालांकि, असम में नागरिकता की जांच नहीं की जाएगी। राज्य में पहले से नागरिकता और एनआरसी (NRC) को लेकर जटिल स्थिति बनी हुई है, इसलिए चुनाव आयोग वहां एक नया मॉडल तैयार कर रहा है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि, “असम में नागरिकता को लेकर अलग प्रावधान हैं। चूंकि नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजन्स (NRC) की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है, इसलिए राज्य के लिए अलग आदेश जारी किया जाएगा।”
चुनाव आयोग का कहना है कि मतदाता सूची के इस गहन पुनरीक्षण से फर्जी या दोहराए गए नाम हटाने, नए योग्य मतदाताओं को जोड़ने और मृत या स्थानांतरित व्यक्तियों के नामों को हटाने में मदद मिलेगी।





