
gmedianews24.com/दुर्ग। राज्योत्सव-2025 के पहले दिन स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने प्रदेश के शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने 5000 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसमें से 4700 पदों पर वित्त विभाग की स्वीकृति मिल चुकी है। शेष 300 पदों पर कंप्यूटर, पीटी और योग विषयों के शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब हाईटेक शिक्षा की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, और इसके लिए तकनीकी रूप से दक्ष शिक्षकों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, “राज्य के स्कूलों में अब डिजिटल क्लासरूम, स्मार्ट लर्निंग और तकनीकी शिक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।”
भर्ती नोटिफिकेशन में देरी को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री यादव ने कहा कि कुछ लोग बिना पूरी जानकारी के आंदोलन कर रहे हैं, जबकि भर्ती प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री से चर्चा कर शिक्षक भर्ती को अन्य विभागों से पहले पूरा करने का आग्रह किया गया है।





