
gmedianews24.com/जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां तीन दोस्तों ने अपने ही साथी की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर श्मशान घाट के पास पेट्रोल डालकर शव को जला दिया। यह पूरी वारदात कमीशन के पैसों के विवाद के चलते की गई। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, मृतक का नाम सीमित खाखा (28 वर्ष) है, जो सीटोंगा गांव का निवासी था। वह कुछ दिन पहले अपने साथियों के साथ झारखंड के हजारीबाग काम करने गया था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने जांच के दौरान सीमित के तीन दोस्तों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि कमीशन के पैसों के बंटवारे को लेकर आपसी विवाद हुआ था। उसी विवाद के दौरान तीनों ने सीमित पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को छिपाने के लिए श्मशान घाट के पास ले जाकर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें वारदात स्थल पर ले जाकर सीन री-क्रिएशन कराया गया, ताकि हत्या की पूरी सच्चाई सामने आ सके।





