
gmedianews24.com/कोरबा। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए पहली बार महिला वनडे विश्व कप 2025 का खिताब जीत लिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर पहली बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है, वहीं कोरबा शहर में भी देर रात तक जश्न का सिलसिला जारी रहा।
फाइनल मैच खत्म होते ही टीपी नगर, रविशंकर, घंटाघर और विभिन्न बस्तियों में क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग सड़कों पर उतर आए, आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। होटल, ढाबे और चौराहों पर लोग देर रात तक टीवी स्क्रीन पर जीत के पलों को देख उत्साहित होते रहे।
स्थानीय लोगों ने यूं व्यक्त की खुशी:
रविशंकर निवासी राघव कुमार ने बताया कि “रात 12 बजे तक लोग पटाखे फोड़कर टीम इंडिया की जीत का जश्न मना रहे थे। यह पल हर भारतीय के लिए गर्व का है।”
वहीं, कृष्णा नगर के क्रिकेट प्रेमी आकाश अकेला ने कहा, “दीप्ति शर्मा ने पांच विकेट लेकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उनकी गेंदबाजी ही भारत की जीत की कुंजी रही।”
खरमोरा दादर निवासी विजय दुबे ने बताया कि “भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 298 रन बनाए थे। शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा की अर्धशतकीय पारियों ने मजबूत नींव रखी।”
बुधवारी निवासी अतुल दास महंत ने कहा कि “मध्यक्रम में विकेट गिरने के बावजूद टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया। अगर बल्लेबाजी थोड़ी तेज होती, तो स्कोर 300 के पार जाता।”





