[metaslider id="31163"]
Featuredदेश

राजस्थान में भीषण सड़क हादसा: अंधेरे में खड़े ट्रेलर से टकराई टेम्पो ट्रैवलर, 15 श्रद्धालुओं की मौत — परिजन धरने पर बैठे, मुआवजे की मांग

gmedianews24.com/जोधपुर। राजस्थान के फलोदी में रविवार शाम करीब 6.30 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर अंधेरे में खड़े एक ट्रेलर से टेम्पो ट्रैवलर टकरा गई, जिसमें 15 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 2 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। मृतकों में एक ही परिवार के 7 सदस्य, 4 बच्चे और 10 महिलाएं शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक, सभी श्रद्धालु जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र के रहने वाले थे और देवउठनी एकादशी के अवसर पर बीकानेर के कोलायत स्थित कपिल मुनि आश्रम दर्शन के लिए गए थे। वापसी के दौरान मतोड़ा (फलोदी) थाना क्षेत्र में यह दर्दनाक हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो ट्रैवलर का आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क पर शव बिखर गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। शवों को महात्मा गांधी हॉस्पिटल, जोधपुर लाया गया।

मुआवजे की मांग को लेकर धरना:
सोमवार सुबह मृतकों के परिजन जोधपुर के महात्मा गांधी हॉस्पिटल के बाहर धरने पर बैठ गए। परिजनों ने सरकारी नौकरी और 25-25 लाख रुपए मुआवजे की मांग की है। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल के बाहर सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित रहा।

सरकार देगी मुआवजा:
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता और मुआवजा देगी। उन्होंने हादसे को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

यह हादसा न केवल जोधपुर बल्कि पूरे राजस्थान के लिए शोक का विषय बन गया है। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है कि ट्रेलर सड़क किनारे बिना लाइट के क्यों खड़ा था और हादसे की वास्तविक वजह क्या रही।

Related Articles

Back to top button