
gmedianews24.com/रायपुर। चक्रवात ‘मोन्था’ अब कमजोर पड़ चुका है और पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके असर से आज सरगुजा संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि 31 अक्टूबर के बाद मौसम सामान्य होने की उम्मीद है।
चक्रवात के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई है। बस्तर में अचानक हुई बारिश से किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं। कहीं खेतों में खड़ी फसलें झुक गईं तो कई जगह कटे हुए धान की बोरियां भीगकर खराब हो गईं।
वहीं कोंडागांव जिले के ग्राम आदनार में लगातार बारिश के चलते ‘बड़को नाला पुलिया’ टूट गई, जिससे आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है। यह पुलिया लिंगोंपथ–मर्दापाल–भाटपाल–नारायणपुर मार्ग पर स्थित है, जो प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बनाई गई थी।
बारिश के दबाव से पुलिया का एक हिस्सा पहले धंस गया, जिसके बाद पूरा ढांचा टूट गया। गनीमत रही कि उस समय पुल पर कोई वाहन नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।





