
gmedianews24.comरायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (J) के अध्यक्ष अमित जोगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) में हुए कथित घोटाले की CBI जांच की मांग की है। उन्होंने पत्र में कहा कि यह घोटाला केंद्र सरकार की गरीबों के लिए सबसे बड़ी योजना को भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ाने जैसा है।
अमित जोगी ने लिखा है कि “प्रधानमंत्री आवास योजना केंद्र की ऐसी योजना है, जिसने गरीबों को सिर पर छत का सपना दिया था, लेकिन राज्य में इस योजना का लाभ भ्रष्टाचारियों ने लूट लिया। यह मांग राजनीति के लिए नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के गरीब और वंचित वर्ग के हक की लड़ाई है।”
उन्होंने आगे कहा कि “हमारा संकल्प है कि योजना का असली लाभ हकदार परिवारों तक पहुँचे। एक निष्पक्ष CBI जांच ही दोषियों को दंडित करने और पीड़ितों को न्याय दिलाने का एकमात्र रास्ता है। मैं प्रधानमंत्री मोदी जी से अपील करता हूं कि इस मामले में त्वरित कार्रवाई कर CBI जांच के आदेश दें, ताकि छत्तीसगढ़ के गरीबों को उनका अधिकार मिल सके।”





