
.gmedianews24.com/नवा रायपुर, 23 अक्टूबर। प्रदेश के 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन को सजाने और संवारने का काम तेजी से चल रहा है। उद्यानिकी विभाग ने परिसर में हरियाली और पुष्पों से खूबसूरती बढ़ाने के लिए आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल से 23 हजार से अधिक फूल-पौधे मंगवाए हैं।
भवन परिसर में दो नए तालाब बनाए जाएंगे और 32 एकड़ क्षेत्र में घास और पौधे लगाए जाएंगे। इसमें 10,590 पौधे जमीन में और 12 हजार गमलों में रोपे जाएंगे। एरेका पाम, साइप्रस, मिनी चांदनी, क्रोटन पेट्रा, गेंदा, जरबेरा जैसे सजावटी पौधे और फूल परिसर की शोभा बढ़ाएंगे।
उद्यानिकी अफसरों के अनुसार, इन पौधों से न सिर्फ परिसर भव्य दिखेगा, बल्कि वातावरण में प्राकृतिक सुगंध भी बनी रहेगी। बाउंड्री के बाहर आम, सागौन, शाल और महुआ के पौधे लगाए जाएंगे। ठेका एजेंसी एक साल तक पौधों की देखभाल करेगी, उसके बाद उद्यानिकी विभाग के कर्मचारी जिम्मेदारी संभालेंगे।





