
gmedianews24.com/नई दिल्ली। भारतीय सेना ने बुधवार को भारत में विकसित मिलिट्री कॉम्बैट पैराशूट सिस्टम (MCPS) की सफल टेस्टिंग की। इंडियन एयर फोर्स के तीन जवानों ने 32,000 फीट की ऊंचाई से इस पैराशूट से छलांग लगाई, जिसमें सिस्टम की लैंडिंग, कंट्रोल और नेविगेशन की क्षमता का परीक्षण किया गया।
इस पैराशूट सिस्टम में NavIC तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जो कि भारत का स्वदेशी सैटेलाइट नेविगेशन सिस्टम है। यह तकनीक पैराशूट को सही दिशा में नेविगेट करने और सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करने में मदद करती है।
DRDO (डिफेंस रिसर्च एंड डेवलेपमेंट ऑर्गेनाइजेशन) ने इस कॉम्बैट पैराशूट सिस्टम का विकास किया है। इसे तैयार करने में एरियल डिलीवरी रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट, आगरा और डिफेंस बायोइंजीनियरिंग एंड इलेक्ट्रोमेडिकल लैबोरेटरी, बेंगलुरु ने मिलकर योगदान दिया।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस सिस्टम के सफल परीक्षण से भारतीय सेना की पैराशूटिंग क्षमताओं में सुधार होगा और देश की रक्षा तकनीक में आत्मनिर्भरता को बल मिलेगा।





