
gmedianews24.com/बीजापुर, 14 अक्टूबर 2025। ताड़पाला बेस कैंप से निकली संयुक्त सुरक्षा बलों की टीम ने नक्सल प्रभावित केजीएच तलहटी क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। तलाशी अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाई गई भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
बरामद सामग्री में 51 जीवित बीजीएल, 100 बंडल एचटी एल्यूमीनियम तार, 50 स्टील पाइप (बीजीएल निर्माण के लिए), बड़ी मात्रा में बिजली के तार, 20 लोहे की चादरें और 40 लोहे की प्लेटें शामिल हैं। इसके अलावा, नक्सलियों द्वारा लगाए गए पांच प्रेशर आईईडी भी सुरक्षा बलों ने निष्क्रिय कर दिए। इस अभियान में कोबरा 206, सीआरपीएफ 229, 153, 196 और बीजापुर पुलिस की संयुक्त टीम शामिल थी।
इस बीच जिले से एक और नक्सली वारदात की खबर सामने आई है। मद्देड एरिया कमेटी के नक्सलियों ने भाजपा कार्यकर्ता पूनम सत्यम की हत्या कर दी है। नक्सलियों ने मुखबिरी के आरोप में यह घटना अंजाम दी और घटना स्थल से मिले पर्चे में हत्या की जिम्मेदारी भी ली।
पर्चे में लिखा गया है कि पूनम सत्यम को लंबे समय से टारगेट पर रखा गया था और कई बार चेतावनी भी दी गई थी। इसके बावजूद उसने बात नहीं मानी। हत्या को नक्सलियों ने “जन कार्रवाई” करार दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके की ओर रवाना हो गए हैं। इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक पूनम सत्यम भाजपा की मंडल इकाई में सक्रिय था और हाल ही में पार्टी की गतिविधियों में लगातार भाग ले रहा था।





