
gmedianews24.com/सक्ती/डभरा। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा स्थित RKM पावर प्लांट में मंगलवार (7 अक्टूबर) देर रात बड़ा हादसा हो गया। बॉयलर मेंटेनेंस के दौरान मजदूरों को ले जा रही एक लिफ्ट अचानक करीब 40 मीटर (131 फीट) ऊंचाई से नीचे गिर गई। हादसे में 4 मजदूरों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 6 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।
12 साल से लिफ्ट का मेंटेनेंस नहीं
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस लिफ्ट से मजदूरों को ले जाया जा रहा था, उसका पिछले 12 सालों से मेंटेनेंस नहीं किया गया था। हालांकि, अब तकनीकी कारणों और जिम्मेदारी की पुष्टि के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।
कंपनी प्रबंधन पर मामला दर्ज
डभरा थाना पुलिस ने RKM पावर जेनरेशन कंपनी के निदेशकों, मैनेजर और जिम्मेदार अधिकारियों समेत कुल 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मजिस्ट्रेट जांच के आदेश
सक्ती कलेक्टर ने इस गंभीर हादसे को लेकर मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और मजदूर संगठनों में गुस्सा देखा जा रहा है।





