
gmedianews24.com/जगदलपुर। शहर में दो दिन पहले हुए ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। 4 अक्टूबर की रात सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए 3 नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक ने अंडा ठेला लगाने वाली एक युवती को गाली दी थी। इसी बात से गुस्से में आकर युवती के भाई ने अपने तीन नाबालिग दोस्तों को बुलाया और युवक को सबक सिखाने की योजना बनाई। इसके बाद आरोपियों ने तहसील ऑफिस के पास स्थित दशहरा पसरा परिसर में युवक को घेर लिया और दौड़ा-दौड़ाकर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी।
घटना स्थल से खून से लथपथ लाश बरामद होने के बाद से पुलिस जांच में जुट गई थी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, युवती का भाई जेल भेज दिया गया है, वहीं तीनों नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है।
इस घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस का कहना है कि मृतक और आरोपियों के बीच पुरानी कहासुनी भी थी, जो इस हत्या का कारण बनी।





