
सारंगढ़। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सारंगढ़ के बरमकेला इलाके में सोमवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां उफनते नाले को पार करने की कोशिश में एक कार तेज बहाव में बह गई। हालांकि कार में सवार तीन लोगों ने तैरकर अपनी जान बचा ली। तीनों बरमकेला से ओडिशा की ओर जा रहे थे।
ग्रामीणों ने उन्हें नाला पार करने से रोका था, लेकिन उन्होंने सलाह नहीं मानी। नाले पर 2 से 3 फीट तक पानी बह रहा था, फिर भी कार सवारों ने जोखिम उठाया और हादसे का शिकार हो गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरमकेला का विक्रम नाला वर्षों से अधूरे पुल के कारण हादसों का गवाह बन रहा है। इस मुद्दे को विधायक ने विधानसभा में भी उठाया था, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो पाया है।
इस बीच बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ में दिखने लगा है। रायपुर और बलौदाबाजार में सुबह से झमाझम बारिश हो रही है। वहीं, रायगढ़ में लगातार बारिश के चलते केलो डैम के तीन गेट खोल दिए गए हैं, जिससे केलो नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है।






