[metaslider id="31163"]
Featuredदेश

रामलीला मंचन के दौरान कलाकार को हार्ट अटैक, चंबा में मंच पर ही मौत

gmedianews24.com/चंबा (हिमाचल प्रदेश)। नवरात्रि के उपलक्ष्य में चल रहे रामलीला मंचन के दौरान मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्रभु श्रीराम के पिता दशरथ की भूमिका निभा रहे वरिष्ठ कलाकार अमरेश महाजन (73) उर्फ शिबू भाई को मंच पर ही हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी घटना लाइव वीडियो में रिकॉर्ड हो गई।

जानकारी के अनुसार, चंबा के चौगान मैदान में सीता स्वयंवर का प्रसंग चल रहा था। अमरेश महाजन सिंहासन पर बैठे हुए अपना संवाद बोल रहे थे। इसी दौरान अचानक वह बेहोश होकर पास बैठे कलाकार के कंधे पर लुढ़क गए। मंच पर मौजूद अन्य कलाकार तुरंत घबराए और कार्यक्रम को बीच में ही रोकना पड़ा।

साथी कलाकारों और आयोजकों ने उन्हें तुरंत चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें हार्ट अटैक आया था।

अमरेश महाजन पिछले 40 वर्षों से दशरथ का किरदार निभा रहे थे और दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय थे। उनकी अचानक मौत से पूरे चौगान मैदान और शहर में शोक की लहर दौड़ गई।

Related Articles

Back to top button