
gmedianews24.com/नई दिल्ली। इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या का मामला अब तक की सबसे चौंकाने वाली और सस्पेंस से भरी साजिश के रूप में सामने आया है। मेघालय पुलिस की चार्जशीट में खुलासा हुआ कि राजा की हत्या उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी और उसके प्रेमी राज सिंह कुशवाहा ने मिलकर योजनाबद्ध तरीके से की थी।
चार्जशीट के अनुसार, सोनम ने अपने पति की हत्या के लिए तीन सुपारी किलर्स – आकाश सिंह राजपूत, विशाल सिंह चौहान और आनंद कुर्मी के साथ मिलकर कई बार प्रयास किए। हनीमून के दौरान राजा को खाई में धक्का देने और सुनसान जगह पर मारने की कोशिश की गई, लेकिन बारिश और भीड़भाड़ के कारण ये सभी प्रयास असफल रहे।
23 मई को सोनम ने अपना आखिरी खौफनाक प्लान अंजाम दिया। शिलांग के पास सोहरा में सेल्फी लेने के बहाने राजा को खाई की ओर ले जाकर विशाल सिंह ने धारदार हथियार से हमला किया, जिसमें राजा की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद सोनम ने लाश को खाई में फेंकने में कातिलों की मदद की और खुद उन्हें सुरक्षित जगह तक पहुंचाया।
पुलिस ने बताया कि यह हत्या अचानक नहीं हुई थी, बल्कि फरवरी 2024 से सोनम ने अपने पति से छुटकारा पाने की योजना बनाई थी। पहले उसने खुद को मृत दिखाने और नाटकीय तरीके अपनाने की कोशिशें कीं, लेकिन असफल रही। अंतिम चरण में हनीमून का मौका चुनकर उसने अपने प्रेमी और कातिलों के साथ मिलकर हत्या को अंजाम दिया।
चार्जशीट में सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल, स्कूटी और होटल रिकॉर्ड जैसे ठोस सबूत शामिल हैं। मेघालय पुलिस का कहना है कि यह मामला केवल लव ट्राएंगल नहीं बल्कि लालच, धोखे और सुनियोजित खून का खेल है।







