
gmedianews24.com/रायपुर। CGPSC भर्ती घोटाला मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों को आज सीबीआई की विशेष कोर्ट में पेश किया गया। ये आरोपी हैं – पूर्व परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक, पूर्व आईएएस और पीएससी सचिव जीवनलाल ध्रुव, उनका बेटा सुमीत ध्रुव, निशा कोसले और दीपा आदिल। कोर्ट ने सभी को तीन दिन की रिमांड पूरी होने के बाद फिर से सीबीआई रिमांड पर सौंप दिया।
यह घोटाला 2020 से 2022 के बीच छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की भर्ती प्रक्रिया में हुई अनियमितताओं से जुड़ा है। आरोप है कि इस दौरान परीक्षाओं और साक्षात्कार में योग्य अभ्यर्थियों की उपेक्षा कर प्रभावशाली नेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों के करीबी लोगों को डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी और अन्य उच्च पदों पर चयनित किया गया।
इससे पहले 7 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 18 नवंबर को तत्कालीन अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी और श्रवण कुमार गोयल को गिरफ्तार किया गया था। 10 जनवरी को नितेश सोनवानी और ललित गणवीर गिरफ्तार हुए, जबकि 12 जनवरी को शशांक गोयल, भूमिका कटियार और साहिल सोनवानी को जेल भेजा गया। वर्तमान में सभी आरोपी जेल में बंद हैं।







