
gmedianews24.com/रायपुर। भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में शुक्रवार, 19 सितंबर को आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान और जीएसटी रिफॉर्म्स को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जीएसटी सुधार आम आदमी और उद्योग जगत दोनों के लिए राहत देने वाले साबित होंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि टैक्स स्लैब सरलीकरण और कर में कटौती से बचत बढ़ेगी और व्यापार में सुगमता आएगी। उन्होंने विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु और मझोले उद्योगों को इसके लाभ मिलने पर जोर दिया।
कार्यशाला में सांसद सी.पी. जोशी ने जीएसटी सुधारों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि चार स्लैब को घटाकर दो कर देना आमजन के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य आत्मनिर्भर भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है। आगामी तीन महीनों में महिला और युवा उद्यमियों के लिए सम्मेलन और कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना तभी सफल होगी जब लोग दैनिक जीवन में स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि भारत पहले ही योग और आयुर्वेद के जरिए विश्व में पहचान बना चुका है, अब स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग से अर्थव्यवस्था को और मजबूती दी जा सकती है।
कार्यशाला में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और प्रदेश कार्यकर्ता उपस्थित रहे और आत्मनिर्भर भारत अभियान एवं जीएसटी सुधारों पर चर्चा की गई।







