
gmedianews24.com/नई दिल्ली। चुनाव आयोग (ECI) पूरे देश में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) यानी वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन कराने की तैयारी में जुट गया है। इसको लेकर 10 सितंबर को दिल्ली में अहम बैठक बुलाई गई है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इस बैठक में सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) शामिल होंगे। इसमें देशभर में वोटर लिस्ट जांच (SIR) कराने की रणनीति पर चर्चा होगी। यह बैठक मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के फरवरी में पद संभालने के बाद तीसरी बड़ी बैठक होगी।
चुनाव आयोग ने बताया कि बिहार के बाद अब वोटर लिस्ट जांच की प्रक्रिया पूरे देश में लागू की जाएगी। इसकी शुरुआत साल के अंत तक हो जाएगी। लक्ष्य यह है कि 2026 में असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट को पूरी तरह अपडेट कर लिया जाए।
चुनाव आयोग के अनुसार, इस प्रक्रिया से यह सुनिश्चित होगा कि वोटर लिस्ट में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, डुप्लीकेट या फर्जी प्रविष्टियां न रहें और पात्र मतदाताओं के नाम सही तरीके से दर्ज हों।







