
gmedianews24.com/नई दिल्ली। भारत में आज रविवार को साल का दूसरा और अंतिम चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है। यह पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा, जिसे ब्लड मून भी कहा जाता है। खास बात यह है कि इसे पूरे देश के सभी हिस्सों से देखा जा सकेगा।
जानकारी के अनुसार, चंद्र ग्रहण का आरंभ रात करीब 10 बजे होगा और यह 3 घंटे 28 मिनट तक चलेगा। इनमें से 82 मिनट तक पूर्ण चंद्र ग्रहण रहेगा। इस दौरान पृथ्वी सूर्य और चांद के बीच आ जाएगी, जिससे चांद पर उसकी छाया पड़ेगी और वह लाल-नारंगी रंग का दिखाई देगा।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह ग्रहण साल 2022 के बाद भारत में दिखने वाला सबसे लंबा पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा। इसे नंगी आंखों से भी सुरक्षित रूप से देखा जा सकता है। किसी चश्मे या फिल्टर की जरूरत नहीं है। हालांकि, दूरबीन या टेलीस्कोप का इस्तेमाल करने पर इसका नजारा और अधिक स्पष्ट दिखाई देगा।
गौरतलब है कि 27 जुलाई 2018 के बाद यह पहला मौका है जब पूरे भारत में चंद्र ग्रहण देखा जा सकेगा। खगोल विज्ञान के शौकीनों और आम लोगों के लिए यह एक दुर्लभ अवसर होगा।







