[metaslider id="31163"]
Featuredछत्तीसगढ़

बेटे ने मां को कुल्हाड़ी से काट डाला, मछली की सब्जी नहीं बनाने पर वारदात

gmedianews24.com/गरियाबंद। जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के जोगिडीपा गांव में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहाँ बेटे ने अपनी ही मां की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मां की लाश के पास बैठा रहा। बताया जा रहा है कि मछली की सब्जी नहीं बनाने की बात पर यह खौफनाक घटना हुई।

मिली जानकारी के मुताबिक मृतका का नाम चंदा बाई नंदे (59) है। आरोपी बेटा कमलेश नंदे (35) मजदूरी करता है। शुक्रवार रात वह मछली लेकर आया था, लेकिन देर हो जाने से मां ने सब्जी बनाने से इनकार कर दिया। शनिवार सुबह जब उसने देखा कि मछली में चींटियां लग गई हैं, तो वह गुस्से से आगबबूला हो गया और पास रखी कुल्हाड़ी से मां पर 4-5 वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद कमलेश लाश के पास ही बैठा रहा। कमरे में खून फैला हुआ था और कुल्हाड़ी पर भी खून लगा मिला। वारदात के करीब दो घंटे बाद पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई। उन्होंने सरपंच और कोटवार को सूचना दी, जिसके बाद फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुँची।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पुलिस ने कुल्हाड़ी जब्त कर ली है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी की पत्नी पिछले दो साल से मायके में रह रही है और बच्चे भी उसी के साथ हैं। ऐसे में उसकी मां ही उसका भोजन बनाती थी। ग्रामीणों ने आरोपी के लिए सख्त सजा की मांग की है।

Related Articles

Back to top button