कोरबा. कोरबा जिले के ग्राम तिवरता में दुर्लभ प्रजाति का पक्षी मिला। दुर्लभ सफेद उल्लू मिलने की जानकारी लोगों को जैसे मिली देखने वालों की भीड़ जुट गई. लोग कौतूहल भरी नजरों से सफेद उल्लू को देखते हुए नजर आए। दुर्लभ सफेद उल्लू का वीडियो कई लोगों ने फोन पर कैप्चर किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है
जानकारी के मुताबिक़ कटघोरा वनमंडल अंतर्गत ग्राम तिवरता में विनय जायसवाल निवास करते हैं। वे युवा मोर्चा गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी के महासचिव हैं। प्रतिदिन की तरह सुबह परिजन बाड़ी की ओर गए हुए थे। इसी दौरान उनकी नजर एक जीव पर पड़ी, जो देखने से अजीब लग रहा था। यह खबर देखते ही देखते पूरे गांव में फैल गई। ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जा पहुंचे। मामले की जानकारी विनय जायसवाल ने वन विभाग के अलावा पक्षी प्रेमियों को दी। इसके बाद पक्षी की पहचान सफेद उल्लू के रूप में की। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि सफेद उल्लू कृषि क्षेत्रों और गांव के खुले स्थानों को पसंद करते हैं। यह बाड़ों और अन्य उपयुक्त स्थानों पर रहता है। सफेद उल्लू रात के समय शिकार के लिए निकलता है।
सफेद उल्लू शिकार के लिए निकला होगा, इसके बाद समय रहते लौटा नहीं होगा। वह शाम ढलने के बाद अपने घोसले की ओर जा सकता है। जानकारी मिलने के बाद जायसवाल और उनके परिजन सफेद उल्लू की देखरेख में जुटे रहे।
सेंट्रल वर्क शॉप में पहली बार दिखा था सफेद उल्लू
पहली बार सफेद उल्लू एसईसीएल मानिकपुर के सेंट्रल वर्कशॉप में नजर आया था, जिसे वन विभाग को सुपुर्द किया गया था। बताया जा रहा है कि सफेद उल्लू का चेहरा दिल के आकार का होता है। वह कुशल शिकारी होता है। रात के समय शिकार के लिए निकलता है।






