[metaslider id="31163"]
Breaking NewsFeaturedUncategorizedख़बरेंदेश

मध्यप्रदेश में आफत की बारिश जारी, इंदौर से खंडवा का संपर्क टूटा

मध्यप्रदेश के कई जिलों में जारी बारिश अब मुसीबत का सबब बन गई है। बड़वानी और इंदौर जिले में लगातार बारिश से बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी है।

चिलर डैम में 16 फीट पानी भरा
शाजापुर जिले में शुक्रवार रात से लगातार बारिश का दौर जारी है, जिसके चलते जिले के तमाम नदी नाले उफान पर हैं। शहर के चिलर डेम में 16 फिट के लगभग पानी भर चुका है। बारिश और तेज हवाओं के बीच रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो चुका है। लगातार बारिश के चलते जिले के तमाम नदी नाले उफान पर है। जिसके चलते ग्रामीण क्षेत्र की निचली पुल पुलिया के ऊपर पानी आ गया है। ग्रामीण क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग विभाग के मुताबिक शुक्रवार रात से  शनिवार सुबह तक पांच इंच वर्षा दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिक सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि शनिवार को भी रिमझिम बारिश की संभावना बनी हुई है। आगामी दो दिनों तक ऐसा ही बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

उज्जैन में भारी बारिश, गंभीर डेम के पांच गेट खोले गए
उज्जैन में शुक्रवार रात से लगातार जारी तेज बारिश के कारण शहर की प्यास बुझाने वाले गंभीर डेम के पांच गेट खोलने पड़े हैं। नगर निगम के पीएचई इंजीनियर राजीव शुक्ला ने बताया कि गंभीर डेम के लेवल को मैंटेन करने के लिए देर रात से पांच गेट खोले गए हैं।

खतरे के निशान के ऊपर बह रही ताप्ती नदी
बुरहानपुर में लगातार 24 घंटे से हो रही बारिश के चलते शहर से बहने वाली ताप्ती नदी उफान पर है और इस समय खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। जिसके चलते प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। सतत पुलिस और होमगार्ड के जवान ताप्ती नदी के घाटों पर और निचली बस्तियों पर नजर बनाए हुए हैं। निचली बस्तियों को खाली करवाया जा रहा है और प्रशासन हर घंटे मॉनिटरिंग कर रहा है। सीसी गौरव पाटिल ने बताया कि बैतूल में ताप्ती नदी पर बने डैम के तीन गेट खोले गए हैं, जिसके चलते और भी पानी बढ़ने की आशंका है। प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है और होमगार्ड, एसडीआरएफ, नगर निगम, एवं पुलिस की टीम घाटों पर और निचली बस्तियों पर अपनी नजर बनाए हुए हैं।

खंडवा का इंदौर-बुरहानपुर से टूटा संपर्क
खंडवा जिले के खेड़ी घाट पर नर्मदा नदी पर बने ब्रिज से आवागमन रोक दिया गया है। ब्रिज से नर्मदा का जलस्तर लगभग समान ही हो चुका है। यहां नर्मदा रौद्र रूप में बह रही है। आवागमन बंद होने से खंडवा बुरहानपुर जिलों का इंदौर से सीधे सड़क मार्ग का संपर्क टूट गया है। इधर अबना नदी भी उफान पर होने से इस पर भी फिलहाल आवागमन बन्द है। बता दें कि जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद इंदिरा सागर और ओंकारेश्वर डेम के गेट खोले गए हैं और नर्मदा में लगातार पानी छोड़ा जा रहा है, जिसके चलते इस तरह के हालात बने हैं।

मांधाता थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि डेम से लगातार पानी छोड़ने की कैपेसिटी को बढ़ाया जा रहा है। साथ ही समय के साथ-साथ और अधिक पानी छोड़ा जाएगा। उसी के मद्देनजर पूर्व से ही एहतियातन खेड़ी घाट के ब्रिज को हमने बंद कर दिया है और जैसे भी निर्देश होंगे उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी तो पूर्णतः इस ब्रिज को हमने बंद कर दिया है। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह लगभग 30000 क्यूसेक पानी और छोड़ा जाना है उसी के लिए व्यवस्थाएं की जा रही है।

Related Articles

Back to top button