Breaking NewsFeaturedUncategorizedज्ञान विज्ञान
खबर काम की: लड़कियों को शादी के बाद किन दस्तावेजों में करवाना पड़ता है बदलाव? देखें सूची
शादी के बाद लड़का और लड़की दोनों के जीवन में कई तरह के बदलाव होते हैं, लेकिन बात अगर लड़कियों की करें तो उन्हें शादी के बाद काफी कुछ बदलना पड़ता है। जैसे- उनका सरनेम बदल जाता है। ठीक इसी तरह कुछ ऐसे दस्तावेज भी होते हैं जिनमें उन्हें अपना सरनेम और पता बदलवाना पड़ता है। ये इसलिए भी जरूरी हो जाता है क्योंकि अगर लड़कियां शादी के बाद ऐसा नहीं करती हैं, तो उनके कई काम अटक सकते हैं। ऐसे में अगर आपकी शादी भी अभी हुई है, तो आपके लिए ये जानना जरूरी हो जाता है कि कौन से दस्तावेजों में आपको बदलाव करवाना होता है। तो चलिए जानते हैं इन दस्तावेजों के बारे में।
नंबर 1
- लड़कियों को जिन दस्तावेजों में बदलाव करवाना पड़ता है उनमें पहला दस्तावेज है वोटर आईडी कार्ड। इसमें आपको अपना पता और सरनेम बदलवाना पड़ता है। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं, तो लड़कियों को अपने माइके वाले पते पर ही वोटिंग करनी पड़ती है और वो ससुराल वाली जगह पर अपने मत का इस्तेमाल नहीं कर पाती हैं।
नंबर 2
- आज के समय में आधार कार्ड बेहद जरूरी दस्तावेज है। इसलिए शादी के बाद लड़कियों को अपने आधार कार्ड में सरनेम और पते में समय पर बदलाव करवा लेने चाहिए। वरना आपके कई काम अटक सकते हैं या कई कामों को करवाने में दिक्कत हो सकती है।
नंबर 3
- लड़कियों को शादी के बाद अपने पैन कार्ड को भी अपेडट करवाना होता है। ऐसा इसलिए क्योंकि अगर आप नौकरी करती हैं और इनकम टैक्स भरती हैं, तो आपको आयकर रिटर्न भी दाखिल करना होता होगा। ऐसे में शादी के बाद सरनेम बदलने की स्थिति में आपको नए पैन के साथ ही आईटीआर दाखिल करना होगा और इसके लिए जरूरी है कि आपका पैन अपडेट हो
नंबर 4
- अगर आपके पास पासपोर्ट है, तो शादी के बाद आपको अपने पासपोर्ट में भी बदलाव करवाने पड़ते हैं। इसमें भी आपका सरनेम और पता बदलता है। इसे अपडेट करवाने के लिए आप पासपोर्ट केंद्र पर संपर्क कर सकते हैं।





